पश्चिम बंगाल में BJP का TMC पर हमला, अमित शाह ने जारी की ‘चार्जशीट’
कोलकाता ।पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार के खिलाफ एक ‘चार्जशीट’ जारी की है।
अमित शाह ने इस चार्जशीट में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के 15 साल के शासन को “अराजकता और भ्रष्टाचार का युग” करार दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि “बंगाल की आत्मा को बचाने” और राज्य को भयमुक्त बनाने का चुनाव है।
गृह मंत्री ने अपने संबोधन में घुसपैठ के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि देश में अवैध घुसपैठ का मुख्य रास्ता अब पश्चिम बंगाल ही बचा है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर असर पड़ रहा है। शाह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने वोट बैंक की राजनीति के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकी बदलाव को नजरअंदाज किया।
इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी पर “विक्टिम कार्ड” की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर सहानुभूति हासिल करने के लिए अलग-अलग परिस्थितियों का सहारा लेती हैं, लेकिन अब राज्य की जनता इस राजनीति को समझ चुकी है।
अमित शाह ने यह भी कहा कि यह चार्जशीट टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के “कथित काले कारनामों” का संकलन है। उनके अनुसार, “सोनार बांग्ला” का सपना दिखाकर राज्य में सिंडिकेट राज स्थापित किया गया और आम जनता का शोषण हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैला हुआ है और आपराधिक गिरोहों का प्रभाव बढ़ा है।
विकास के मुद्दे पर भी हमला करते हुए शाह ने कहा कि उद्योगों की कमी के कारण पश्चिम बंगाल निवेश के लिए आकर्षक नहीं रहा। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास ठप है और बेरोजगारी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अंत में अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट केवल BJP की ओर से नहीं, बल्कि राज्य की “पीड़ित जनता की आवाज” है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 2011 से ही इस मुद्दे को उठाती रही है और अब समय आ गया है कि जनता इसका जवाब दे।विधानसभा चुनाव से पहले इस बयानबाजी के बाद राज्य की राजनीति में टकराव और तेज होने के आसार हैं।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
