विधानसभा चुनाव: बंगाल की 57 अहम सीटें तय करेंगी सत्ता की दिशा

करीबी मुकाबलों में मामूली वोट बदलाव से बदल सकता परिणाम

Published By Harshit
On
Harshit Picture
By Harshit

सुभाष पाण्डेय

  • 2021 में कम अंतर से जीत-हार वाली सीटों पर कड़ा संघर्ष
  • दक्षिण बंगाल में ज्यादा सीटें, उत्तर में भी असर
  • नए गठबंधन और बिखराव से बढ़ी चुनावी अनिश्चितता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और इस बार भी मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच ही सिमटता दिख रहा है। हालांकि चुनावी तस्वीर को सबसे ज्यादा दिलचस्प बना रही हैं वे 57 सीटें, जहां पिछले चुनाव में जीत-हार का अंतर 8 हजार या उससे कम वोटों का रहा था। यही वजह है कि इन सीटों को इस बार सत्ता की चाबी माना जा रहा है।

पिछले चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि इन 57 सीटों पर मुकाबला बेहद कांटे का था। औसतन जीत का अंतर करीब 8 हजार वोटों के आसपास रहा, जबकि 19 सीटों पर यह अंतर 3 हजार से भी कम था। इन सीटों में से टीएमसी ने 29 और बीजेपी ने 28 सीटें जीती थीं, जिससे स्पष्ट है कि मामूली वोट स्विंग भी इस बार नतीजों को पूरी तरह पलट सकता है। खासकर तब, जब ओपिनियन पोल्स में दोनों दलों के बीच वोट प्रतिशत का अंतर बेहद कम बताया जा रहा है।

बाढ़ के मुहाने पर जयगांव-हाशिमारा? नदी किनारे बने अवैध निर्माण पर सवाल  ये खबर भी पढ़े : बाढ़ के मुहाने पर जयगांव-हाशिमारा? नदी किनारे बने अवैध निर्माण पर सवाल 

2021 के विधानसभा चुनाव के नतीजों को देखें तो टीएमसी ने 213 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों पर सिमट गई थी। इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) को एक सीट मिली थी और कांग्रेस-लेफ्ट का खाता तक नहीं खुला था। लेकिन इस बार राजनीतिक समीकरण बदले हुए हैं और मुकाबला ज्यादा त्रिकोणीय और बहुकोणीय होता दिख रहा है।इन 57 अहम सीटों का भौगोलिक फैलाव भी चुनावी रणनीति में बड़ा फैक्टर है। इनमें से 47 सीटें दक्षिण बंगाल में हैं, जबकि 10 सीटें उत्तर बंगाल में स्थित हैं। पश्चिमी जिलों—पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान-में इन सीटों का खासा प्रभाव है। बांकुरा और पश्चिम बर्धमान में छह-छह, जबकि अन्य जिलों में पांच-पांच सीटें इस श्रेणी में आती हैं।

कई सीटों पर बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले थे। बांकुरा की साल्टोरा सीट बीजेपी ने 4,145 वोटों से और चटना सीट 7,164 वोटों से जीती थी, जबकि टीएमसी ने रानीबांध सीट 3,939 वोटों से अपने नाम की थी। पश्चिम बर्धमान की पांडाबेश्वर सीट टीएमसी ने 3,803 वोटों से जीती, जबकि आसनसोल दक्षिण सीट बीजेपी ने 4,487 वोटों से कब्जाई थी। कुल्टी सीट पर तो महज 679 वोटों का अंतर रहा था।

पूर्वी मेदिनीपुर की नंदीग्राम सीट सबसे चर्चित रही, जहां बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था। वहीं कूच बिहार के दिन्हाटा में बीजेपी ने मात्र 57 वोटों से जीत दर्ज की थी, जो बाद में उपचुनाव में बड़े अंतर से पलट गई। इस बार चुनावी समीकरण और जटिल हो गए हैं। कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने की संभावना है, जबकि सीपीआई (एम) और आईएसएफ के बीच गठबंधन की चर्चा है। इसके अलावा नए राजनीतिक दलों और एआईएमआईएम जैसे खिलाड़ियों की एंट्री से वोटों का बिखराव बढ़ने की आशंका है, जो इन करीबी सीटों पर निर्णायक साबित हो सकता है।

टीएमसी जहां सरकारी योजनाओं, महिला कल्याण और क्षेत्रीय अस्मिता को मुद्दा बना रही है, वहीं बीजेपी हिंदुत्व, सीमा सुरक्षा और भ्रष्टाचार के आरोपों को प्रमुखता दे रही है। दोनों दलों को अच्छी तरह एहसास है कि इन 57 सीटों पर मामूली बढ़त ही सत्ता का रास्ता तय करेगी। ऐसे में साफ है कि बंगाल का यह चुनाव सिर्फ लहर का नहीं, बल्कि बेहद बारीक चुनावी गणित और रणनीति का होगा, जहां हर वोट की कीमत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ चुकी है।  

लेखक के बारे में

Harshit Picture

हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।

नवीनतम

बक्सर में दो स्कॉर्पियो से विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

बक्सर। गुप्त सूचना के आधार पर डुमरांव थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच स्थित मां शारदा लाइन होटल के परिसर में...
बिहार 
बक्सर में दो स्कॉर्पियो से विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

बक्सर के 1.78 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंची राशि

बक्सर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जिले के 1,78,506 पेंशनधारियों के बैंक खातों में अगस्त 2026 की पेंशन राशि...
बिहार 
बक्सर के 1.78 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंची राशि

चीन के किंगदाओ में मालवाहक जहाज में आग लगने से 20 की मौत

किंगदाओ। चीन के किंगदाओ शहर में गुरुवार को मरम्मत के लिए खड़े एक विदेशी मालवाहक जहाज में अचानक आग लगने...
अंतर्राष्ट्रीय 
चीन के किंगदाओ में मालवाहक जहाज में आग लगने से 20 की मौत