उतरौला: ग्रामीण सड़कों की बदहाली, विकास की राह से हो रहे हैं वंचित
उतरौला (बलरामपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की बदहाली विकास की राह में रोड़ा बन गई है। विकास खण्ड उतरौला अंर्तगत श्रृंगार जोत मार्ग से बभनी बुर्जुग डीह तक सड़क बना हुआ है, किन्तु गौशाला, तिलखी होते हुए अर्जून देवरिया तक जाने वाली सड़क आज भी कच्ची है। क्षेत्रवासियों ने हर जन प्रतिनिधि से अनुरोध किया, लेकिन आज तक किसी ने सुना नहीं।
लगभग चार किलो मीटर मार्ग के लिए दर्जनों गांवों के किसानों को दिक्कत होती है। किसान जगराम, सीता राम, कश्यप, गोपाल चौधरी, देवेन्द्र कुमार मिश्रा, वेद व्रत मिश्रा ने बताया कि लगभग आधा दर्जन गांवों के किसानों के लिए एक मात्र यही मार्ग है। कच्ची सड़क होने के कारण जरा सी बारिश में ट्राली पलट जाती है। कई बार गेहूं फसल लोड होकर आती ट्रॉली पलट गई, जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
तिलखी बढ़या ग्राम पंचायत में एक ऐसा मजरा बढ़या है, जहां आजादी के 80 वर्ष होने को हैं, फिर भी सड़क जैसी मूल भूत सुविधाओं के लिए ग्रामीण तरस रहे हैं। राम सेवक, कन्हैया लाल, सोनू निषाद, राधे श्याम यादव, भगवत प्रसाद मिश्र ने बताया कि पिपरा राम तिलखी मुख्य मार्ग से अधिकतम दो किलो मीटर की दूरी है, फिर भी सड़क नहीं बना।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चुनाव में चुनाव बहिष्कार करने के लिए बैनर बना कर लगाया गया था, तो आश्वासन मिला, लेकिन बना नहीं। यही समस्या डुमरिया गंज रोड पर पुरैना बुलंद से प्राण पुर तक सड़क पूरी तरह टूट कर गड्ढा युक्त हो गया है। राजेश मिश्रा, कामेश मिश्रा, राजू मिश्रा ने बताया कि विधायक, सांसद को कई बार अवगत कराया गया, किंतु अभी तक सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने सासन प्रशासन से अति शीघ्र सड़क बनवाने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
