संत कबीर नगर, माध्यमिक शिक्षा विभाग से 31मार्च को सेवानिवृत हुए 12 शिक्षक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सापेक्ष 9 के पेंशन जीपीएफ की पत्रावली पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने आपत्ति लगाकर जिला विद्यालय निरीक्षक को वापस कर दिया है। शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज के प्रवक्ता इंद्रेश धर दूबे के रिटायर होने पर पेंशन जीपीएफ भुगतान से पूर्व विनिमितिकरण आदेश मांग कर संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती ने सबको चौंका दिया, लोग उनके ज्ञान का मजाक उड़ा रहे हैं। प्रकरण में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शोषण करने के उद्देश्य से पेंशन जीपीएफ पत्रावली पर अनाप-शनाप आपत्ति लगाकर शिक्षकों को परेशान किया जा है, जिसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
द्विवेदी ने बताया कि उमरिया इंटर कॉलेज के शिक्षक घनश्याम यादव, कन्हैया यादव, पचपेड़वा इंटर कॉलेज के शिक्षक दिनेश कुमार श्रीवास्तव और रविशंकर राय,भदाह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतेंद्र कुमार, रमवापुर सरकारी के शिक्षक हजारी लाल सिरसी के लक्ष्मण व हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज के शिक्षक इंद्रेश धर दूबे 31 मार्च को सेवानिवृत्त हुए हैं जिनकी पत्रावली पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने आपत्ति लगाकर जिला विद्यालय निरीक्षक को वापस कर दिया है।
द्विवेदी ने कहा कि संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा वापस की गई पत्रावलियों का परीक्षण किया गया तो पाया गया कि आयोग से चयनित प्रवक्ता से विनियमितिकरण का प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है, जिसका दिया जाना संभव ही नहीं है। सी.टी. से एलटी में मर्ज किये शिक्षकों से विनियमितीकरण का आदेश मांगा जा रहा है। जबकि शासन ने एक आदेश जारी कर सिटी ग्रेड के शिक्षकों को एलटी ग्रेड के कैडर में मर्ज कर दिया था। उन्हें अलग से विनियमित करने की आवश्यकता नहीं है।