ढाबे पर हंगामा: जानलेवा हमले मारपीट और लूट के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कस्बा स्थित मौरावां रोड पर संचालित गुप्ता ढाबा सोमवार की देर शाम उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब वहां पहुंचे कुछ युवकों और ढाबा संचालक पक्ष के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में ढाबा संचालक सहित कई लोग घायल हुए हैं।
मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्ता ढाबा संचालक एवं अधिवक्ता आदित्य गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे ढाबे के बाहर एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी थी।
उन्होंने वाहनों को व्यवस्थित तरीके से किनारे लगाने के लिए कहा तो कार सवार करीब पांच युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।आदित्य गुप्ता का आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया तथा जान से मारने का प्रयास किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे ढाबे के कर्मचारी नरेश को भी आरोपितों ने पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आदित्य गुप्ता के गले से सोने की चेन छीन ली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय ढाबे पर काफी संख्या में ग्राहक मौजूद थे। जब ग्राहकों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। इससे ढाबे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में स्थानीय लोगों और ग्राहकों के एकजुट होने पर उपद्रवी युवक वहां से भाग निकले।घटना के बाद घायल आदित्य गुप्ता और कर्मचारी नरेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया तथा आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी।
उधर पुलिस के अनुसार मामले का दूसरा पक्ष भी कोतवाली पहुंचा और अपनी तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
