करीब 10 माह से नहीं बटा पोषाहार,रुदपुर गांव में बड़े घोटाले का आरोप,ग्रामीणों में भारी आक्रोश
विश्वजीत मिश्रा
पडरियातुला-खीरी। बिजुआ विकास खंड की ग्राम पंचायत रुदपुर गुलरिया स्थित रुदपुर गांव के आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषाहार वितरण में बड़े भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले लगभग 10 महीनों से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को मिलने वाला सरकारी पोषाहार वितरित नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सुपरवाइजर की मिलीभगत से पोषाहार का लगातार दुरुपयोग और ब्लैक किया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा भेजा गया पोषाहार पात्र लाभार्थियों तक पहुंचने के बजाय अन्यत्र इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सबसे गंभीर बात यह है कि महिलाओं और बच्चों के हिस्से का पोषाहार गर्भवती भैंसों और उनके बच्चों को खिलाया जा रहा है, जबकि जरूरतमंद परिवार पोषण योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इस मामले को लेकर गांव में भारी रोष व्याप्त है और ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया जल्द ही शपथ पत्र देकर इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से भी करेंगे!
⚡ “बच्चों और गर्भवती महिलाओं के हिस्से का पोषाहार आखिर कहां गया?”
⚡ “पोषाहार में खेल या सिस्टम की बड़ी लापरवाही?”
⚡ “बच्चों का हक डकारने वालों पर कब होगी कार्रवाई?”
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय देवांश सिंह खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
