साहिबाबाद टायर फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद स्थित राजेंद्र नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक टायर रबर प्रोसेसिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते हुए फैक्ट्री के बड़े हिस्से तक पहुंच गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। जब दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि टायर रबर प्रोसेसिंग यूनिट पूरी तरह आग की चपेट में थी। टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से लपटें आसपास की इमारतों और अन्य औद्योगिक इकाइयों तक नहीं पहुंच सकीं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
