लखनऊ: सरोजनीनगर पुलिस ने दो शातिर नकबजन गिरफ्तार किए, चोरी का माल बरामद
लखनऊ। दक्षिणी जोन के सरोजनीनगर थाना पुलिस ने जन सहयोग से बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर नकबजन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल पार्ट्स समेत भारी मात्रा में चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 28 मार्च 2026 को सरोजनीनगर क्षेत्र के रहने वाले रामवृक्ष यादव उर्फ बबलू, महेंद्र प्रताप त्रिवेदी और दानिश ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दुकानों और गैराज से अलग-अलग तिथियों में मोटरसाइकिल के पार्ट्स और अन्य सामान चोरी हो गया था। घटना के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज अहम साबित हुई, जिसमें एक आरोपी की पहचान की गई।
तलाश के दौरान सूचना के आधार पर साहिद खान उर्फ अब्दुल समद खान को बदालीखेड़ा इलाके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी का सामान उसने अमन कश्यप को बेच दिया है। इसके बाद पुलिस ने अमन कश्यप की कबाड़ की दुकान पर छापा मारकर चोरी का माल बरामद कर लिया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में साहिद खान (19 वर्ष) निवासी बेगमगंज, थाना कोतवाली नगर, बाराबंकी और अमन कश्यप (19 वर्ष) निवासी गिंदनखेड़ा, नादरगंज, सरोजनीनगर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक साहिद खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अमन कश्यप के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
बरामदगी में गाड़ी के हेड, चैम्बर, ऑयल पंप, टेपिट कवर, पिस्टन, गैस कटर और रेगुलेटर समेत कई सामान शामिल हैं। इस संबंध में थाना सरोजनीनगर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
