अंबेडकर जयंती शोभायात्रा में तैनात उपनिरीक्षक की तबीयत बिगड़ी,अस्पताल में भर्ती
मोहम्मद अय्यूब
उतरौला (बलरामपुर)। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मदिवस पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जब ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक राकेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार बाबा फक्कड़ दास चौराहे पर शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे, तभी तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण उन्हें घबराहट हुई और वे अचानक जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोट भी आई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में नजदीकी साजिदा हास्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली उतरौला के प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चिकित्सकों से उपनिरीक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान अन्य पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित रखा।
गौरतलब है कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर क्षेत्र में भारी भीड़ और कड़ी धूप के बीच पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहा था। इसी दौरान यह घटना घटित हुई, जिसने कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना दिया, हालांकि समय रहते उपचार मिलने से स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना की और उपनिरीक्षक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
