वृंदावन में उमड़ा आस्था का सैलाब, भीषण जाम ने थामी वाहनों की रफ्तार
मथुरा। धर्मनगरी वृंदावन में रविवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि प्रशासन के तमाम दावे और यातायात व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त नजर आईं।
वीकेंड पर ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं के रेले ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, जिससे न केवल बाहर से आए श्रद्धालु बल्कि स्थानीय निवासी भी दिनभर ’जाम के झाम’ से बेहाल रहे।
आलम यह था कि मथुरा मार्ग पर वात्सल्य ग्राम से लेकर सौ शैया तिराहा तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हैरानी की बात यह रही कि नो एंट्री व्यवस्था लागू होने के बावजूद हजारों वाहन शहर के भीतर प्रवेश कर गए, जिसके कारण मुख्य मार्गों के साथ-साथ शहर की संकरी गलियों में भी पैदल चलना दूभर हो गया।
अटल्ला चुंगी, रुक्मिणी विहार, विद्यापीठ चौराहा और प्रेम मंदिर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में दिनभर अराजकता की स्थिति बनी रही। बांकेबिहारी मंदिर के आंतरिक और बाहरी परिसरों में भीड़ का दबाव बना रहा।
घंटों जाम में फंसे रहने के कारण आक्रोशित श्रद्धालु और स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली को कोसते नजर आए।
लोगों का कहना था कि हर वीकेंड पर यही स्थिति रहती है लेकिन प्रशासन कोई ठोस समाधान निकालने में विफल साबित हो रहा है। यातायात पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
