विसर्जन के दौरान चले तलवार और फरसे, जमकर मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में युवकों के बीच मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ युवक फरसा, तलवार और डंडा लिए हुए दिखाई दे रहे हैं।
जबकि एक युवक जमीन पर गिरा हुआ है जो घायल है। इसके बाद भी उसकी पिटाई की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल युवक ने रविवार को थाने में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस दौरान शराब के नशे में दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से जमकर एक दूसरे को पहले लात घूसों और डंडों से पीटा गया।
फिर भीड़ में कुछ लोग तलवार और फरसा भी लहराते हुए मारपीट में कूद पड़े। इस पिटाई में भोला का डेरा निवासी 22 वर्षीय अजीत नाम के युवक का सिर फट गया।
वायरल वीडियो में युवक लहूलुहान हालत में दिख रहा है, जिसे बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। उधर घायल युवक ने थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पटेल ने बताया कि वादी अजीत निषाद पुत्र शिवशंकर निवासी मोहल्ला भोला का डेरा सदर कोतवाली मूर्ति विसर्जन हेतु चूरामन डेरा के पास गए थे।
उसी दौरान विपक्षीगण उमेश निषाद पुत्र दीपक,अनुज निषाद पुत्र रमाकांत,आशीष निषाद पुत्र हरपाल एवं मनीष निषाद पुत्र हरपाल निवासीगण ग्राम केसरिया का डेरा सदर कोतवाली अत्यधिक शराब के नशे में होकर वादी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगे तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि वादी अजीत निषाद पुत्र शिवशंकर से प्राप्त तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली में नामजद आरोपितों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वादी का चिकित्सीय परीक्षण कराकर उपचार कराया गया, जिसमें चिकित्सकों द्वारा साधारण चोटें होना बताया गया तथा यह भी स्पष्ट किया गया है कि वादी के शरीर पर किसी प्रकार के धारदार हथियार से चोट के निशान नहीं पाए गए। आरोपितों की तलाश की जा रही है तथा प्रकरण में विवेचनात्मक कार्यवाही प्रचलित है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
