निर्माणाधीन 49वीं वाहिनी पीएसी का डीजी पीएसी आलोक सिंह ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह ने गौतमबुद्धनगर जनपद के कासना क्षेत्र स्थित ग्राम लुकसर में निर्माणाधीन 49वीं वाहिनी पीएसी परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन भवनों और पूर्ण किए जा चुके कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने डीजी पीएसी को परियोजना की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी कार्यों के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर 49वीं वाहिनी के सेनानायक रामनयन सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने निर्माण कार्यों से जुड़ा प्रस्तुतीकरण भी दिया।डीजी पीएसी आलोक सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इसके अलावा सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पीएसी कार्मिकों से संवाद किया गया। सम्मेलन में उन्होंने जवानों को आधुनिक तकनीकों और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपनी व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीकी रूप से दक्ष और प्रशिक्षित बल ही बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित कर सकता है।निरीक्षण के दौरान पीएसी बैंड के जवानों ने भी उत्कृष्ट बैंड वादन की प्रस्तुति दी, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की।
इस अवसर पर कल्पना सक्सेना, रामनयन सिंह, अनिल कुमार, राजीव यादव सहित पीएसी और यूपीएसएसएफ के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं लोक निर्माण विभाग की ओर से अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ, सहायक अभियंता एहतशाम अनवर, त्रुष्पाल सिंह तथा उनकी टीम भी निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल रही।
पीएसी मुख्यालय के अनुसार, 49वीं वाहिनी पीएसी के निर्माण से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा बल की परिचालन क्षमता में भी वृद्धि होगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि परियोजना तय समय में पूरी होने के बाद इसका लाभ पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मिलेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
