सम्पूर्ण समाधान दिवस: कौशाम्बी की सभी तहसीलों में जनसुनवाई
चायल में डीएम-एसपी ने सुनीं शिकायतें, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर समाधान के निर्देश; मंझनपुर व सिराथू में भी दर्जनों मामलों का निस्तारण
अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश”
कौशाम्बी । जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। तहसील चायल में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने संयुक्त रूप से शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर शिकायतों का समाधान करे, ताकि विवादों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और कोई भी प्रकरण लंबित न रहने पाए।
इसके साथ ही डीएम ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन ऑनलाइन कराए जाएं और उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।आंकड़ों के अनुसार, तहसील चायल में कुल 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, तहसील मंझनपुर में 34 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 4 मामलों का तत्काल समाधान हुआ। तहसील सिराथू में कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
