पीजीआई में चुनाव प्रचार को लेकर शिकायत
— गंभीर मरीजों की देखभाल छोड़ने का आरोप
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में नर्सिंग व अन्य स्टाफ द्वारा ड्यूटी समय में मरीजों की देखभाल छोड़कर कर्मचारी महासंघ के चुनाव का प्रचार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संस्थान प्रशासन से शिकायत की गई है। शिकायत के अनुसार, क्रिटिकल केयर मेडिसिन (सीसीएम) में तैनात दीप्ति वर्मा, पल्मोनरी मेडिसिन आईसीयू में तैनात सीमा शुक्ला तथा ऑप्थल्मोलॉजी विभाग में तैनात धर्मेश कुमार द्वारा बिना छुट्टी लिए मरीजों की देखभाल का कार्य छोड़कर चुनाव प्रचार किया जा रहा है। आरोप है कि सीसीएम में गंभीर मरीज भर्ती रहते हैं,ऐसे में स्टाफ की अनुपस्थिति से मरीजों के हित प्रभावित हो सकते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस गतिविधि पर मुख्य नर्सिंग अधिकारी,वार्ड इंचार्ज अथवा विभागाध्यक्ष द्वारा कोई आपत्ति नहीं जताई गई है। शिकायतकर्ता ने पूछा है कि क्या कोई कर्मचारी बिना छुट्टी लिए मरीजों के हित का कार्य छोड़कर चुनाव प्रचार में भाग ले सकता है।
क्या यह संस्थान की गरिमा,अनुशासन तथा उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 यथा संशोधित के विरुद्ध नहीं है। मांग की गई है कि संबंधित कर्मचारियों सीमा शुक्ला, दीप्ती वर्मा व धर्मेश कुमार से स्पष्टीकरण लिया जाए कि क्या वे छुट्टी या सक्षम अधिकारी की अनुमति से चुनाव प्रचार कार्य में संलग्न हैं और क्या इससे मरीजों का हित प्रभावित नहीं हो रहा है। इस मामले में एसजीपीजीआई प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
