नौनिहालों को चुभता शीतलहर, प्रशासन ने अब लिया खबर!
रैन बसेरों को लेकर प्रमुख सचिव, राहत आयुक्त, कमिश्नर व नगर आयुक्त अलर्ट
- सवेरे ठंड से ठिठुरते स्कूली बच्चों की दिक्कतों पर डीएम का संज्ञान, आदेश जारी
- कक्षा एक से आठ वाले स्कूल 11 तक बंद, नौ से 12 के स्कूल का बदला समय
लखनऊ। राजधानी में चल रहे शीतलहर के बीच बेसहारों व असहायों को लेकर एक तरफ जहां शासन के आला अफसर सचेत दिख रहे हैं तो वहीं लखनऊ शहर में संचालित सैकड़ों निजी स्कूलों में पढ़ने वाले स्कूली बच्चों की सुध लेने वाले जिम्मेदार प्रशासनिक अफसर अब जाकर जागे हैं। गौर हो कि सीएम योगी लगातार निर्देशित करते आ रहे हैं कि रैन बसेरों को चुस्त-दुरूस्त रखा जाये जिसके मद्देनजर क्रमवार प्रमुख सचिव राजस्व पी. गुरु प्रसाद व राहत आयुक्त भानुचंद्र गोस्वामी और इतना ही नहीं खुद मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह अपनी टीमों के साथ देर रात और अलसुबह दौरा कर रहे हैं और जरूरतमंदों को ठंडक से बचने के लिये जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।
खैर, देर आये दुरूस्त आये वाली कहावत पर अमल करते हुए अब जाकर शुक्रवार देर शाम डीएम सूर्यपाल गंगवार की तरफ से स्कूलों के शीतकालीन अवकाश और स्कूल टाइमिंग में परिर्वतन का आदेश जारी किया गया। जबकि कुछ दिनों से नौनिहालों सहित उनके माता-पिता को ठंड से बचाने के लिए काफी मशक्क्त करनी पड़ रही थी। जानकीपुरम में रहने वाले अजय बताते हैं कि सुबह के समय तापमान कम रहता है ऐसे में बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करके स्कूल भेजने में तकलीफ होती है।

वहीं अलीगंज की आयुषी, इंदिरानगर की विनीता कुमारी व आशियाना क्षेत्र की निवासी सीमा देवी बताती हैं दिन में निकलने वाली धूप बच्चों के स्कूली कपड़ों को सुखाने के लिए नाकाफी होती है। ऐसे में बच्चों को स्कूल भेजने में मुश्किल होती है। जानकारी के तहत कक्षा आठ तक के स्कूल 11 जनवरी तक बंद करने के आदेश जबकि कक्षा नौ से 12 तक के स्कूलों की टाइमिंग 10 से दोपहर तीन बजे तक कर दिया गया है।
सुबह, दोपहर, शाम के तापमान में भारी अंतर!
लखनऊ में ठंड के कारण सुबह, दोपहर और शाम के तापमान में काफी असमानता देखने को मिल रही। ऐसे में खासकर तड़के सुबह और शाम होते ही इसमें लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जबकि दिन में ठंडी हवाओं के कारण लोगों में ठिठुरन बनी रहती है। खिली धूप भी इन हवाओं के आगे बेअसर सी नजर आती हैं। लखनऊ में संचालित सैकड़ों स्कूलों की समय सारणी में अब जाकर बदलाव किया गया है। वहीं तड़के सुबह ठिठुरते हुए नौनिहाल स्कूल जाते सड़कों पर नजर आ रहे थे।
पहले शीतकालीन अवकाश घोषित, अब जाकर हुआ अमल!
बीते 26 दिसंबर 2024 को बेसिक शिक्षा के तत्कालीन बेसिक शिक्षा सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने स्कूलों के लिए अवकाश कैलेंडर जारी किया था। इस आदेश में 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया था।
इस आदेश की प्रति सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों सहित जिला अधिकारियों को भी भेजी गई है। वहीं इस मुद्दे पर बीएसए लखनऊ जनपद राम प्रवेश ने कहा कि जारी आदेश सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होता है, यदि कोई इसका पालन नहीं कर रहा है तो उन विद्यालय संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
