विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सबकी भूमिका: चौधरी
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने सीएसआर के जरिये अंशदान करने वालों को सराहा
लखनऊ। लखनऊ विवि के अर्थशास्त्र विभाग के तहत आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पीएम मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए कॉपोर्रेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से भारत के बहुमुखी विकास में सहयोग करने वाले कॉपोर्रेट जगत के मित्रों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा शिक्षाविदों के योगदान की सराहना की। कहा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सबको मिलकर प्रयास करना होगा। 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य है जिसके लिए आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय संतुलन की आवश्यकता है।
यह संतुलन सरकार, नागरिक समाज के लोगों और कॉपोर्रेट जगत के हमारे बंधुओं को मिलकर साधना हो सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में कॉपोर्रेट सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि, समावेशी आर्थिक विकास से भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र में बदलने का संकल्प पूरा हो सकता है। अध्यक्षता करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि, सीएसआर के माध्यम से देश की कई प्रमुख विकासात्मक चुनौतियों का समाधान संभव है। सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में कॉपोर्रेट सामाजिक उत्तरदायित्व महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह दो दिवसीय बौद्धिक विचार समागम विकसित भारत के लिए एक ब्लूप्रिंट प्रस्तुत तैयार करने में सहायता करेगा।
कला संकायाध्यक्ष प्रो अरविन्द मोहन ने कहा कि, अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित यह सेमिनार विकसित भारत की संकल्पना को आकार देने की अपनी प्रतिबद्धता और संकल्प को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि, सतत आर्थिक विकास, सामाजिक समानता, पर्यावरणीय प्रबंधन और विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत की संकल्पना को पूरा किया जा सकता है। सेमिनार की स्मारिका तथा प्रो. एम. के. अग्रवाल की पुस्तक इंडियन इकोनॉमी का विमोचन किया गया। संयोजिका डॉ शची राय ने सेमिनार की प्रस्तावना रखी एवं अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो विनोद सिंह ने स्वागत करते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस सेमिनार का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ हरनाम सिंह ने किया। सेमिनार के प्लेनरी-एक्सपर्ट सेशन में इंडियन इकोनॉमिक एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. देवेन्द्र अवस्थी ने कार्यक्रम के आयोजकों की प्रशंसा की और कहा कि, विकसित भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक मजबूत दृष्टि और बहुआयामी दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
विभागाध्यक्ष प्रो विनोद सिंह ने कहा कि, हमारा देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आईसीआईसीआई बैंक के जोनल हेड सैफ काजमी, रुद्रा शेयर एवं स्टॉक ब्रोकिंग के डायरेक्टर सिद्धार्थ बंसल, आईआईएम लखनऊ के प्रो संजीत सिंह, ओक्फोर्ड ग्रुप मध्य प्रदेश के समूह निदेशक प्रो पुनीत द्विवेदी, रामजस कालेज नई दिल्ली के प्रो सुमनजीत सिंह, डॉ पारुल जैन, प्रो रोली मिश्रा व डॉ कविता बालियान समेत देश भर के विभिन्न संस्थानों से आए विद्वतजन इस सेमिनार में उपस्थित रहे।
टिप्पणियां