कानपुर किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का बड़ा खुलासा: नामी नर्सिंग होम का नाम आया सामने ,दो ओटी टेक्नीशियन गिरफ्तार
कानपुर। किडनी ट्रांसप्लांट प्रकरण में पुलिस जांच के दौरान शहर के एक बड़े और नामी नर्सिंग होम का नाम सामने आया है, जहां हाल ही में गुर्दा प्रत्यारोपण किया गया था। मामले में गिरफ्तार ओटी टेक्नीशियन कुलदीप सिंह राघव और राजेश कुमार से हुई पूछताछ में यह अहम जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने बताया कि यह नर्सिंग होम रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित है और यहां नियमित रूप से बड़े ऑपरेशन किए जाते हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नर्सिंग होम के दो स्टाफ को हिरासत में लिया है।पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, दोनों ओटी टेक्नीशियन लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे और प्रत्येक केस के लिए 40 से 50 हजार रुपये लेते थे। उनकी जिम्मेदारी ट्रांसप्लांट से पहले सभी संसाधन, दवाएं, इंजेक्शन और उपकरण उपलब्ध कराना था।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क में एनसीआर क्षेत्र के कई डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं। इनमें एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, सर्जन और अन्य स्टाफ के नाम सामने आए हैं, जो अलग-अलग शहरों से आकर इस ऑपरेशन में शामिल होते थे।पुलिस के अनुसार रविवार देर रात एक निजी अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था, जिसमें बिहार के बेगूसराय के एक युवक की किडनी मुजफ्फरनगर की महिला को लगाई गई थी। इसके बाद डॉक्टरों और स्टाफ की टीम अलग-अलग वाहनों से रवाना हो गई थी।
डीसीपी पश्चिम के अनुसार आरोपियों ने बताया कि ट्रांसप्लांट के लिए टीम शनिवार या रविवार को ही शहर आती थी और पूरी प्रक्रिया गोपनीय तरीके से की जाती थी। डॉक्टर और स्टाफ हवाई यात्रा के जरिए भी आते-जाते थे।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल पेमेंट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया है। दो ओटी टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि यूरोलॉजिस्ट सर्जन और अन्य डॉक्टरों की तलाश जारी है।पुलिस अब इस पूरे रैकेट के एनसीआर और अन्य राज्यों तक फैले नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि इस मामले में सभी आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
