ड्यूटी से लौट रही नर्स के साथ दर्दनाक हादसा, मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला
जॉगर्स चौराहे पर सड़क पार करते समय
लखनऊ। मंगलवार दुबग्गा इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय नर्स की मौत हो गई। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही युवती को मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे के दौरान ट्रॉली पलट गई और युवती उसके नीचे दब गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान साधना (26) पुत्री राम विशुन निवासी पनापुर कलां लगलेसरा, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। वह दुबग्गा स्थित विकल्प अस्पताल के नर्सिंग विभाग में कार्यरत थीं। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे शिफ्ट बदलने के बाद साधना पैदल अपने घर जा रही थीं। जॉगर्स चौराहे पर सड़क पार करते समय मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली यूपी 32 एलपी 1910 की चपेट में आ गईं।
टक्कर लगते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और साधना उसके नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर युवती को बाहर निकाला और उपचार के लिए विकल्प अस्पताल पहुंचाया। हालांकि सिर और पैरों में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही दुबग्गा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतका के परिवार को सूचना दे दी गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
