भोपाल में शुरू हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट
प्रधानमंत्री मोदी ने लॉन्च की 18 नई नीतियां
- 'दुनिया को भारत से बहुत आशाएं : मोदी
- रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्कीम के तहत बनाया जा रहा मॉर्डन
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 का श्रीगणेश हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित इस समिट का शुभारंभ कर प्रदेश सरकार की 18 नई नीतियों को लॉन्च किया। इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें अंग वस्त्र ओढ़ाकर भगवान महाकाल की तस्वीर भेंट की। इस मौके पर देशी-विदेशी डेलीगेट्स और उद्योगपति मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वो बच्चों की परीक्षा के कारण यहां देरी से पहुंचे। इसके लिए क्षमा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की असुविधा को देखते हुए उन्होंने अपना कार्यक्रम बदला। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने वाली 18 से अधिक नई नीतियों को रिमोट का बटन दबाकर लॉन्च किया। इसके साथ ही राज्य की औद्योगिक और निवेश क्षमता पर तैयार एक शॉर्ट वीडियो फिल्म भी निवेशकों को दिखाई गई। प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं पर केंद्रित लघु फिल्म "मध्य प्रदेश-अनंत संभावनाएं" का प्रदर्शन किया गया। इसके प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरते भारत पर केंद्रित लघु फिल्म "इंडिया ग्रोथ स्टोरी" का भी प्रदर्शन भी किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया में चाहे सामान्य जन हों चाहे नीतिगत जानकार हों। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित मध्य प्रदेश से विकसित भारत की यात्रा में आज का ये कार्यक्रम बहुत अहम है। इस भव्य आयोजन के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भारत के इतिहास में ऐसा अवसर पहली बार आया है, जब पूरी दुनिया भारत के लिए इतनी ऑप्टिमिस्टिक है। पूरी दुनिया में चाहे सामान्य जन हो, अर्थनीति के विशेषज्ञ हो, विभिन्न देश हो या फिर इंस्टीट्यूशन इन सभी को भारत से बहुत आशाएं हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के रेल नेटवर्क को भी मॉर्डनाइज किया जा रहा है। भोपाल का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन आज सभी का मन मोह लेता है। इसी तर्ज पर मप्र के 80 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्कीम के तहत मॉर्डन बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते दशक में भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर के बूम का दौर देखा है। इसका बहुत बड़ा फायदा मप्र को मिला है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे दो बड़े शहरों को जोड़ता है उसका बड़ा हिस्सा मप्र से गुजरता है। आज मप्र में 5 लाख किलोमीटर से अधिक का रोड नेटवर्क है। मप्र में लॉजिस्टिक से जुड़े सेक्टर की ग्रोथ तय है।
टिप्पणियां