छत्तीसगढ़ में चार नक्सली ढेर, डीआरजी का जवान बलिदान
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ के जंगल में पुलिस-नक्सलियों के बीच शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर हो गए जबकि डीआरजी जवान प्रधान आरक्षक क्रं. 331 सन्नू कारम का बलिदान हो गया। सर्चिग के दौरान जवानों ने मौके से सभी चार नक्सलियों के शव के साथ एके 47, एसएलआर जैसे आटोमैटिक हथियार बरामद किए हैं। इस मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने की है।
पुलिस के अनुसार बलिदानी जवान सन्नू कारम एक आत्मसमर्पित नक्सली थे। उन्होंने कुछ साल पहले ही नक्सलवादियों का साथ छोड़ दिया था और पुलिस में भर्ती हुए थे। वे दंतेवाड़ा में पदस्थ थे। आज रविवार दोपहर 2.30 बजे बलिदानी सन्नू कारम के पार्थिव शरीर को ससम्मान पुलिस लाइन कारली जिला दंतेवाड़ा में सलामी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात चार जिले के एक हजार जवानों ने नक्सलियों के कोर इलाके को घेर लिया था। दोनों तरफ से रुक-रुककर गोलीबारी हुई। इसमें चार नक्सली मारे गए और एक जवान का बलिदान हो गया। मारे गए नक्सलियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान में दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और बस्तर जिले की डीआरजी और एसटीएफ की टीम को भेजा गया था। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं और इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
