अशोक सम्राट भवन निर्माण से 40 परिवारों पर पुनर्वास का संकट, वैकल्पिक जमीन की मांग
किशनगंज। ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के खोपरापट्टी में प्रस्तावित अशोक सम्राट भवन निर्माण को लेकर करीब 40 परिवारों के सामने पुनर्वास का संकट खड़ा हो गया है। वर्षों से सरकारी भूमि पर रह रहे ये परिवार अब बेघर होने की आशंका से चिंतित हैं और प्रशासन से वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
इसी मांग को लेकर प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधियों ने नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल के नेतृत्व में ठाकुरगंज अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार से मुलाकात की।
इस दौरान सभी 40 परिवारों की ओर से संयुक्त आवेदन सौंपते हुए खुद को भूमिहीन बताते हुए रहने के लिए वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई। परिवारों का कहना है कि वे कई वर्षों से उक्त स्थान पर रहकर अपना जीवन यापन कर रहे थे।
अब अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया और अशोक सम्राट भवन निर्माण की योजना सामने आने के बाद वे अचानक बेघर होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि भवन निर्माण से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन गरीब और भूमिहीन परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जब तक प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था नहीं होती, तब तक उन्हें विस्थापित नहीं किया जाए।
साथ ही उन्होंने परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया। वहीं अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि 40 परिवारों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर सभी परिवारों की स्थिति की जांच कराई जाएगी।
यदि जांच में परिवार भूमिहीन पाए जाते हैं, तो सरकारी नियमों के तहत उन्हें जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होगा और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
