मोदी सरकार के 12 वर्षों पर सियासी संग्राम, पक्ष-विपक्ष में नोकझोंक जारी
एनडीए ने उपलब्धियां गिनाईं, कांग्रेस ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया
प्रधानमंत्री बोले-12 वर्षों में आत्मनिर्भर भारत को मिली नई गति
- मोदी ने बिना अवकाश राष्ट्रहित को दी सर्वोच्च प्राथमिकता: शाह
- गृह मंत्री ने जनकल्याण योजनाओं और विकास का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड रखा
- विपक्ष ने रोजगार, महंगाई, किसानों और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को सियासी माहौल पूरी तरह सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष के आरोपों के इर्द-गिर्द घूमता रहा। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेतृत्व ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास और आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियों को देश के सामने रखा, वहीं कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक कुप्रबंधन, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पिछले 12 वर्षों में 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना से प्रेरित होकर देश ने मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण को सेवा और समर्पण का परिणाम बताते हुए एक संस्कृत सुभाषित साझा किया, जिसमें समाज के कल्याण और सदाचार को सच्चे बुद्धिमान व्यक्ति का गुण बताया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करना है।
इसी अवसर पर भाजपा मुख्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, डिजिटल परिवर्तन और आधारभूत संरचना के विस्तार को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सरकार के कार्यकाल को गरीब कल्याण और विकास का संतुलित मॉडल बताया।
ये खबर भी पढ़े : अंडमान में प्राकृतिक गैस का नया भंडार मिला, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने साझा की जानकारीउन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना का लाभ, स्वास्थ्य बीमा और तेजी से विकसित होते सड़क, रेल तथा हवाई संपर्क जैसी योजनाओं ने देश के विकास की नई तस्वीर पेश की है। शाह ने कहा कि साफ नीयत और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाली सरकार के कारण भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश नहीं लिया और देश सेवा मेंं जुटे रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी लेख लिखकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक स्थिरता, सामाजिक समावेशन, डिजिटल क्रांति, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, बुनियादी ढांचे के विस्तार और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को इस दौर की बड़ी उपलब्धियां बताया।
दूसरी ओर कांग्रेस ने सरकार के दावों को प्रचार करार देते हुए आर्थिक मोर्चे पर विफलता का आरोप लगाया। कांग्रेस अनुसंधान विभाग के अध्यक्ष राजीव गौड़ा और पार्टी नेता अमिताभ दुबे ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक कुप्रबंधन लगातार बढ़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या घटाई गई, रुपये की स्थिति कमजोर हुई, निवेश में गिरावट आई और रोजगार के अवसर अपेक्षित गति से नहीं बढ़े। कांग्रेस ने युवाओं में बेरोजगारी, एमएसएमई क्षेत्र की चुनौतियां, किसानों की समस्याएं और शिक्षा व्यवस्था में पेपर लीक की घटनाओं को सरकार की नीतिगत असफलता बताया। पार्टी ने रेलवे सुरक्षा, महंगाई और आर्थिक प्रबंधन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार दावों और जमीनी हकीकत के बीच बढ़ती दूरी का जवाब दे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
