मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 315 जोड़ों का हुआ विवाह संपन्न
जिसमें से 297 जोड़ों का हिन्दू रीती रिवाज तथा 18 जोड़ों का मुुस्लिम रीति रिवाज के साथ किया गया
हाथरस, (अनिल शर्मा)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनार्तगत पी0सी0 बागला महाविद्यालय हाथरस एवं पी0बी0ए0एस0 इंटर कॉलेज हाथरस के संयुक्त खेल मैदान में गरीब एवं असहाय परिवारों की 315 पुत्रियों का सामूहिक विवाह सौहार्दपूर्ण माहौल में विधि विधान पूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न हुआ तथा उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों व मा0 जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखद जीवन के लिए आर्शीवाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब एवं असहाय परिवारों की 315 पुत्रियों का सामूहिक विवाह सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ जिसमें से 297 जोड़ों का हिन्दू रीती रिवाज तथा 18 जोड़ों का मुुस्लिम रीति रिवाज के साथ किया गया।
भव्य पंडाल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय, मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर व जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ विधिवत रूप से किया। मंच पर आसीन समस्त अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया गया। मा0 जनप्रतिनिधियों ने आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई दी तथा इस पावन अवसर पर नवविवाहित वर-वधू को शुभार्शीवाद दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय ने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी की समस्या के समाधान हेतु मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का शुभारम्भ किया गया है। इस योजना के अंतर्गत गरीब कन्याओं को दाम्पत्य सूत्र में बांधा जा रहा है। उन्होंनें जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में आयोजित किये गये भव्य कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी, साथ ही नवदम्पत्ति वर बधू एवं परिजनों को बधाई दी।
विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कहा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना मा0 मुख्यमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में प्रमुख है। उन्होने कहा कि इस योजना के अंतर्गत गरीब कन्याओं को दाम्पत्य सूत्र में बांधा जा रहा है। हमारे जनपद में प्रत्येकवार अधिक से अधिक जोड़ों की शादी कराई जाती है। यहां पर भव्य रूप से कन्याओं का विवाह होने पर पिता को गरीब होने का एहसास नहीं होता है। उन्होनें कहा कि आज के समय माता पिता के लिये अपनी पुत्री का विवाह करना एक बड़ी चुनौती है। हमारी सरकार ने गरीब माता पिता की पुत्रियों का शादी का जिम्मा उठाया है। जिसे भलीभांति साकार किया जा रहा है। गरीब कन्याओं की शादी का पंजीकरण कराने के साथ ही प्रमाण पत्र प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजित भव्य कार्यक्रम के लिये जिला प्रशासन को बधाई दी।
जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा समाज में सर्वधर्म समभाव एवं सामाजिक समरसता बढ़ाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, निराश्रित/निर्धन परिवारों के विवाह योग्य कन्याओं के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सभी समुदायों व वर्गों के लिए वर्ष 2017-18 से संचालित है। उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा के नीचे निवास करने वाले परिवार जिनकी वार्षिक आय रू० 2 लाख सीमान्तर्गत हो, योजनान्तर्गत लाभ लेने के लिए अनुमन्य हैं। इस योजना में विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं के पुनर्विवाह कराने की भी व्यवस्था है। आज जनपद के समस्त विकास खण्डों एवं नगरीय क्षेत्रों से 315 जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 297 हिन्दू जोड़े तथा 18 मुस्लिम जोड़े शामिल हैं। इस योजनान्तर्गत प्रत्येक जोड़े पर रू0 51,000 हजार का व्यय आता है। जिसमें संबंधित वधू पक्ष अर्थात कन्या को रू0 35,000 हजार की अनुदान राशि उनके स्वयं के बैंक खाते में अन्तरित की जाती है तथा रू0 10,000 में वधू पक्ष को विवाह हेतु सामग्री जैसे चांदी की पायल, बीछिया, डिनर सेट, कपड़े, श्रृंगारदानी, कुकर, ट्राली बैग, कम्बल इत्यादि दिये जाते हैं तथा रू0 6,000 हजार खान-पान, टैंट पण्डाल आदि की व्यवस्था पर व्यय होता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से जिलाधिकारी ने आवाहन करते हुए कहा कि यदि उनके आस पास कोई गरीब परिवार निवास करता हो, जिनकी पुत्रियों की शादी की जानी है। उन्हें इस योजना के बारे में अवश्य जानकारी दें जिससे कि आगे आयोजित किये जाने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का सफल संचालन महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम द्वारा किया गया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान मा0 ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, परियोजना निदेशक, डी0सी0 मनरेगा, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी लोक निर्माण विभाग, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, आदि सहित बडी संख्या में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओ एवं गणमान्य लोगों ने नवविवाहित दम्पतियों को शुभकामनायें दी।
टिप्पणियां