भागलपुर: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक भागलपुर में हर रोज बारिश होगी। बारिश की फुहार मौसम को सुहावना कर देगी। इधर शुक्रवार को दिन में गर्मी ने लोगों को पसीने से भींगा दिया। शाम को ठंडी हवाओं ने राहत दी। वहीं शनिवार की सुबह हल्की धूप के साथ हुई। आने वाले पांच दिन आसमान में बादल उमड़ेंगे।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी सुनील कुमार ने बताया कि मौसम के मिजाज में उतार चढ़ाव बना रहेगा। तेज धूप से तापमान बढ़ेगा भी और बारिश होते ही तापमान में गिरावट भी होगी। अर्थात यूं कहें कि गर्मी के बीच में हल्की बारिश अगले पांच दिनों तक होती रहेगी। मौसम में दोनों स्थिति रहेगी। गरमी भी तेज होगी। बारिश से मौसम सुहावना भी होता रहेगा। उन्होंने कहा कि खेती किसानी के लिए मौसम उपयुक्त है। सब्जियों में सिचाई कम लगेगी। मूंग, फल आदि के लिए भी मौसम उपयुक्त है।
- पूर्वा हवा तेज रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी।
- आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत रहेगी।
- अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
- दिन में उम्मस भरी गर्मी परेशानी बढ़ाएगी।