भाजपा के अनुराग दूसरी बार बने जनता की पसंद

गठबंधन प्रत्याशी को एक लाख से अधिक मतों से हराया

भाजपा के अनुराग दूसरी बार बने जनता की पसंद

* बसपा के रवि मौर्य को मिला तीसरा स्थान 

झाँसी। भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान सांसद अनुराग शर्मा 46 झाँसी -ललितपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार सांसद चुन लिए गए। शुरूआत में कड़े मुकाबले में दिखाई दे रहे अनुराग ने इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस के प्रदीप जैन आदित्य को एक लाख से अधिक मतों से हरा दिया। बसपा तीसरे स्थान पर रही। अनुराग को जहां 6,90,316 वोट मिले तो वहीं प्रदीप जैन को 5,87, 702 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी रवि प्रकाश मौर्य को 61 हजार मत प्राप्त हुए। झांसी सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने लगातार बढ़त बनाए रखी थी। कुछ चरणों की मतगणना के दौरान लगा था कि ये टक्कर कड़ी हो सकती है, लेकिन सातवें और आठवें चरण के बाद अनुराग शर्मा ने अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी अनुराग शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में बाजी मारी थी। तब उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंदी और समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट श्याम सुंदर सिंह को 365683 वोटों के अंतर से हराया था। अब श्यामसुन्दर भी भाजपा में शामिल हैं। झांसी की भोजला मंडी में झांसी सदर, बबीना, और मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती हो रही थी। वहीं, ललितपुर की अमरपुर मंडी में ललितपुर और महरौनी विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जा रही थी। मऊरानीपुर विधानसभा के वोटों की गिनती 32 राउंड में, झांसी नगर के 29 राउंड में, बबीना और ललितपुर के 27-27 राउंड में और महरौनी विधानसभा के वोट 26 राउंड में गिने जा रहे थे। मतगणना के लिए कुल 350 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, एक गणना सहायक, एक माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद थे। इसके अलावा, प्रत्याशियों के एक-एक एजेंट भी टेबलों पर मौजूद थे।

बैलेट पेपर और ईवीएम की गिनती

सबसे पहले बैलेट पेपर के वोटों की गिनती की गई और उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के वोटों की गिनती शुरू हुई। लगभग 9:30 बजे से रूझानों का आना शुरू हो गया था, जिसमें भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा की बढ़त लगातार बढ़ती रही।

Tags:

About The Author

Related Posts

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां